रांची: बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति की टीम ने गुरुवार को रांची सदर अस्पताल का दौरा किया। टीम ने अस्पताल में आयुष्मान योजना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


बिहार से आई टीम में NHM के अपर कार्यकारी निदेशक संचत गुप्ता, विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कंचन कुमारी और क्षेत्रीय लेखा प्रबंधक प्रदीप कुमार सिंह शामिल रहे। अस्पताल पहुंचने पर टीम ने सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद, उपाधीक्षक डॉ. विमलेश सिंह, डॉ. अखिलेश झा, डॉ. रचित भूषण और आयुष्मान समन्वयक आशीष रंजन सहित अन्य चिकित्सकों और अधिकारियों से बातचीत की।
अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बिहार की टीम ने सदर अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। टीम ने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं, जरूरी संसाधनों और कर्मचारियों से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी समझा।
अधिकारियों ने आयुष्मान योजना के तहत अस्पताल में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। टीम ने यह भी जानकारी ली कि रांची सदर अस्पताल में प्रभावी तरीके से संचालित व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली को बिहार के अस्पतालों में किस तरह लागू किया जा सकता है।
NHM कार्यक्रमों की भी ली जानकारी
टीम ने NHM के तहत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और मरीजों को जमीनी स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी ली।
स्वास्थ्य समिति के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य दोनों राज्यों के बीच बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के अनुभव और कार्यप्रणाली को साझा करना है। इससे स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

