जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस अस्पताल में अब पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को मुफ्त दंत चिकित्सा सुविधा मिलेगी। एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार डॉ. सोनी कुमारी को पुलिस अस्पताल में नियमित रूप से स्वैच्छिक और नि:शुल्क डेंटल सेवा देने की अनुमति दी गई है।


BDS डिग्री और रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र किया जमा
डॉ. सोनी कुमारी ने पुलिस अस्पताल में बिना किसी शुल्क के नियमित डेंटल सेवा देने के लिए आवेदन किया था। आवेदन के साथ उन्होंने राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज से प्राप्त BDS डिग्री और झारखंड स्टेट डेंटल काउंसिल का रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र भी जमा किया था।
आवेदन और संबंधित दस्तावेजों पर विचार करने के बाद पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी ने उन्हें पुलिस अस्पताल में नियमित दंत चिकित्सा सेवा देने की अनुमति प्रदान की।
सेवा के बदले नहीं मिलेगा कोई मानदेय
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि डॉ. सोनी कुमारी की सेवा पूरी तरह स्वैच्छिक और नि:शुल्क होगी। इसके बदले उन्हें किसी भी प्रकार का मानदेय, TA या DA नहीं दिया जाएगा।
उन्हें बिना किसी देरी के पुलिस अस्पताल में अपनी सेवा शुरू करने का निर्देश दिया गया है। इस संबंध में उपायुक्त, सिविल सर्जन, एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण समेत संबंधित पुलिस अधिकारियों को भी जानकारी भेजी गई है।
पुलिस अस्पताल में दंत चिकित्सा सुविधा शुरू होने से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक अतिरिक्त सुविधा मिल सकेगी।

