झारखंड: दुबई में फंसे मजदूर और देवघर में किशोर की मौत मामले में CM हेमंत सोरेन ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

रांची: सोशल मीडिया के जरिए सामने आए झारखंड से जुड़े दो अलग-अलग मामलों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गंभीरता दिखाई है। एक मामला गिरिडीह के मजदूर रामेश्वर दास का है, जो कथित तौर पर पिछले चार महीनों से दुबई में फंसा हुआ है। दूसरा मामला देवघर के 13 वर्षीय किशोर की मौत से जुड़ा है। मुख्यमंत्री ने दोनों मामलों में अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र के अतका गांव निवासी रामेश्वर दास 6 मई को रोजगार की तलाश में दुबई गया था। परिवार के अनुसार, वह ठेकेदार के माध्यम से टूरिस्ट वीजा पर वहां पहुंचा था। पिछले पांच दिनों से उसका मोबाइल बंद है। परिवार ने सरकार से उसे सुरक्षित वापस लाने की अपील की है। मामले की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने झारखंड प्रवासी सेल को जांच और आवश्यक सहायता के निर्देश दिए।

वहीं, देवघर में 13 वर्षीय किशोर की मौत को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की बहन ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि किशोर की पिटाई से मौत हुई और पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने देवघर पुलिस, झारखंड पुलिस और उपायुक्त को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।