गिरिडीह न्यूज़: कृषि योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन बढ़ाएगा निगरानी

Spread the love

गिरिडीह: जिले में सरकारी कृषि योजनाओं का वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी निगरानी अब और तेज की जाएगी। सोमवार को उपायुक्त राम निवास यादव ने कृषि विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं की सफलता केवल कागजी रिपोर्ट से नहीं, बल्कि किसानों को खेत में मिलने वाले लाभ से तय होनी चाहिए।

बैठक में किसानों को आधुनिक खेती, नई तकनीक और कम लागत वाली कृषि पद्धतियों की जानकारी देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2025-26 में किसानों को ICAR-राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान, कटक सहित विभिन्न कृषि संस्थानों का भ्रमण कराया गया था।

उपायुक्त ने कहा कि ऐसे भ्रमण और प्रशिक्षण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहने चाहिए। किसानों को सीखी गई तकनीकों को अपने खेतों में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। कृषि मेले, किसान गोष्ठियों, जैविक खेती, कीट प्रबंधन और नीम आधारित कीटनाशकों की जानकारी भी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने योजनाओं की नियमित निगरानी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।