चतरा में तांडवा नदी का जलस्तर बढ़ने से बड़ा हादसा टला, बाइक समेत फंसे तीन युवकों का रेस्क्यू

Spread the love

चतरा: तांडवा थाना क्षेत्र में गुरुवार को तांडवा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बड़ा हादसा टल गया। एक ही बाइक पर सवार तीन युवक नदी के पुल को पार कर रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी इलाकों में हुई तेज बारिश के कारण नदी में अचानक पानी बढ़ गया और पुल के ऊपर तेज बहाव शुरू हो गया। पानी के दबाव के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और मोटरसाइकिल पानी में बह गई।

बाइक बहने के बाद तीनों युवक अपनी जान बचाने के लिए पुल के बीच में रुक गए। तेज बहाव के बीच वे काफी देर तक मदद का इंतजार करते रहे। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। रस्सियों और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। नदी से बाहर आने के बाद युवकों ने राहत की सांस ली और बचाव में मदद करने वाले ग्रामीणों व पुलिसकर्मियों का आभार जताया।

घटना के बाद प्रशासन ने तांडवा नदी के आसपास निगरानी बढ़ा दी है। लोगों से तेज बहाव और पानी में डूबे पुलों को पार नहीं करने की अपील की गई है।