जमशेदपुर: नेपाल में प्राकृतिक आपदा पर अर्जुन मुंडा ने जताया दुख, कहा- भारत नेपाल के साथ खड़ा है

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने शनिवार को नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नेपाल में तबाही की तस्वीरें बेहद दुखद हैं। इस मुश्किल समय में भारत पूरी मजबूती के साथ नेपाल की जनता के साथ खड़ा है।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक जुड़ाव रहा है। बड़ी संख्या में भारतीय श्रद्धालु नेपाल के रास्ते कैलाश-मानसरोवर यात्रा पर जाते हैं।

उन्होंने कहा कि आपदा के बीच यात्रियों के प्रभावित होने की खबरें भी चिंता का विषय हैं। जमशेदपुर से नेपाल गए कुछ लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है, हालांकि अभी इन लोगों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

मुंडा ने उम्मीद जताई कि नेपाल में चल रहे राहत और बचाव अभियान के दौरान जल्द ही लापता लोगों का पता लगाया जाएगा और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता मिलेगी। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने घटना को पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ते हुए कहा कि प्राकृतिक संतुलन बनाए रखना पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है। विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने लोगों से प्रकृति के प्रति जिम्मेदार रवैया अपनाने और पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।