जमशेदपुर: मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे Special Intensive Revision (SIR)-2026 के तहत शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने दावे और आपत्तियों की सुनवाई के लिए बनाए गए विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।


उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर, धालभूम SDO कार्यालय, ITDA कार्यालय, जिला जनसंपर्क कार्यालय और वाणिज्य कर विभाग में बनाए गए सुनवाई केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह समेत कई ERO और AERO मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों से दस्तावेजों की जांच तथा अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सुनवाई केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक नागरिक को प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
राजीव रंजन ने कहा कि SIR-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को स्वच्छ और अद्यतन बनाना है। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपने नाम और पते की जांच करने की अपील की। नाम नहीं होने या नाम-पते में त्रुटि होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज कराने को कहा।
उपायुक्त ने केंद्रों पर पेयजल और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निपटारा करने का निर्देश दिया।

