जामताड़ा मोबाइल झपटमारी: दो आरोपी गिरफ्तार, दो स्मार्टफोन और पल्सर बाइक बरामद

Spread the love

जामताड़ा: करमाटांड़ थाना पुलिस ने मोबाइल झपटमारी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से दो स्मार्टफोन और वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की पल्सर बाइक बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे शांतिनगर निवासी मोनिका कुमारी से बाइक सवार दो युवकों ने मोबाइल झपट लिया था। घटना को लेकर पीड़िता के लिखित आवेदन पर करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 67/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर 29 अगस्त को करमाटांड़ के मिशन चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान काले रंग की पल्सर बाइक संख्या JH21M3828 पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोका। पूछताछ और तलाशी के बाद उनकी पहचान राहुल सिंह, पिता सुनील सिंह और दिनेश दास, पिता नरेश दास के रूप में हुई। दोनों देवघर जिले के चितरा थाना क्षेत्र स्थित पीयरसोल के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, तलाशी में दोनों के पास से दो स्मार्टफोन मिले। पूछताछ में दोनों ने मोबाइल झपटमारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस को उनके अन्य मोबाइल चोरी की घटनाओं में भी शामिल होने के संकेत मिले हैं। मामले की आगे जांच जारी है।