जामताड़ा सड़क हादसा: सड़क किनारे खड़ी क्षतिग्रस्त वैन से टकराई बाइक, 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत

Spread the love

जामताड़ा: गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर रविवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 62 वर्षीय युधिष्ठिर महतो की मौत हो गई। हादसा बागदाहा के पास हुआ, जहां उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी एक क्षतिग्रस्त वैन से टकरा गई। दुर्घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, युधिष्ठिर महतो पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित सालानपुर थाना क्षेत्र के डेंदुआ-श्रीरामपुर के रहने वाले थे। वह देवघर जिले के बागदाहा बसनोली गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर आए हुए थे।

रविवार को वह बाइक से बागदाहा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खराब हालत में खड़ी वैन से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद खागा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युधिष्ठिर महतो को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों और सड़क किनारे खड़ी क्षतिग्रस्त वैन की स्थिति की भी जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।