जामताड़ा: बैंकिंग ऐप एक्टिवेट कराने के नाम पर ठगी, चार साइबर अपराधी गिरफ्तार

Spread the love

जामताड़ा: जामताड़ा पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में चार कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बैंकिंग ऐप एक्टिवेट कराने के नाम पर लोगों से गोपनीय जानकारी हासिल कर उनके बैंक खातों से रुपये निकालने की कोशिश करते थे। आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई एसपी शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को फोन कर YONO ऐप स्विच या एक्टिवेट करने का झांसा देते थे। इसके बाद पीड़ितों को WhatsApp और स्क्रीन शेयरिंग ऐप का इस्तेमाल करने के लिए कहा जाता था। आरोप है कि स्क्रीन शेयरिंग के जरिए यूजर आईडी और पासवर्ड जैसी बैंकिंग जानकारी हासिल की जाती थी। इसके बाद OTP प्राप्त कर बैंक खाते से रकम निकालने का प्रयास किया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फारूक अंसारी, शम्सुद्दीन अंसारी, जानी बाबू और कलीम अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस बरामद मोबाइल और सिम की जांच कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है।