देवघर जिले के पालोजोरी प्रखंड अंतर्गत खागा थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के डेंडुआ क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव निवासी 45 वर्षीय युधिष्ठिर महतो के रूप में हुई है। उनके पिता का नाम भोलू महतो बताया गया है।


जानकारी के अनुसार, युधिष्ठिर महतो बाइक से बगदाहा के पास स्थित एक गांव में अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान खागा-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर बगदाहा रोड के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें काफी खून बह रहा था।
घटना की सूचना मिलने पर खागा थाना प्रभारी राजेश कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युधिष्ठिर की गंभीर स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल सरकारी वाहन से उन्हें इलाज के लिए जामताड़ा भेजा।
अस्पताल में इलाज के दौरान युधिष्ठिर महतो की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी स्थिति गंभीर हुई और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

