बिष्टुपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को मारी जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचा चालक

Spread the love

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में रामाडा होटल के पास शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि कार सवार बाल-बाल बच गया।

जानकारी के अनुसार, रांची के एक संगीतकार बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित ‘किशोर कुमार नाइट’ कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह कार से रांची लौट रहे थे। इसी दौरान रामाडा होटल के पास पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

कार चला रहे कमल कुमार शर्मा के अनुसार, हादसे के समय उनकी कार की रफ्तार करीब 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा थी। पीछे से ट्रेलर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि हादसे में उनकी जान बच गई, यही सबसे बड़ी राहत है।

कार चालक ने आरोप लगाया कि ट्रेलर चालक नशे की हालत में था। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर थाना में रखा है। क्षतिग्रस्त कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की स्थिति से जुड़े आरोपों की भी जांच कर रही है।