जमशेदपुर: पारडीह इलाके में रविवार सुबह करीब 5 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार करीब 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।


जानकारी के अनुसार, युवक बाइक से पारडीह की ओर जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिर गया और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने युवक को सड़क किनारे पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की।

