जमशेदपुर: झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के स्वरूप में बदलाव किया गया है। 8 सितंबर को बिष्टुपुर स्थित XLRI में होने वाला समारोह अब सादगी के साथ आयोजित किया जाएगा। पहले प्रस्तावित सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रमों को हटा दिया गया है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. इला कुमार ने रविवार को इसकी जानकारी दी।


कुलपति ने बताया कि सोमवार को राजभवन से कोई नया निर्देश मिलने पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल समारोह में कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा। कार्यक्रम मंगलवार को दोपहर 12 बजे शुरू होगा और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सोमवार को फाइनल रिहर्सल होगी।
इस बार दीक्षांत समारोह में करीब 2,200 छात्राओं को डिग्री प्रदान की जाएगी। स्नातक और स्नातकोत्तर की 53 टॉपर छात्राओं को गोल्ड मेडल दिया जाएगा। विश्वविद्यालय में पहली बार चांसलर मेडल भी प्रदान किया जाएगा, जो ओवरऑल टॉपर छात्रा को मिलेगा।
इसके अलावा रेखा झा मेमोरियल मेडल दो छात्राओं को दिया जाएगा। दोनों को एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी मिलेगी।
कुलपति के अनुसार, राज्यपाल का कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक निर्धारित है। XLRI ऑडिटोरियम की सीमित क्षमता के कारण एक समय में करीब 1,100 छात्राओं को ही बैठाया जाएगा। राज्यपाल के जाने के बाद बाकी 1,100 छात्राओं को बुलाकर डिग्री दी जाएगी। इस तरह सभी 2,200 छात्राओं को डिग्री मिल सकेगी।
डिग्री लेने वाली छात्राओं को विश्वविद्यालय की ओर से गाउन और स्टोल उपलब्ध कराया जाएगा। समारोह के बाद गाउन वापस करना होगा, जबकि स्टोल छात्राएं अपने साथ ले जा सकेंगी।

