हजारीबाग: गोर्हर पुल के पास सड़क हादसे में 3 वर्षीय बच्चे की मौत, पिता और दादी गंभीर रूप से घायल

Spread the love

हजारीबाग: बरकट्ठा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय बच्चे शिवम कुमार की मौत हो गई। हादसा गोर्हर पुल के पास हुआ, जहां पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर बच्चे के पिता और दादी भी सवार थे, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, अटका, बगोदर निवासी उमेश कुमार अपने तीन वर्षीय बेटे शिवम कुमार और मां गीता देवी के साथ बाइक से गोर्हर गांव जा रहे थे। परिवार डॉक्टर से इलाज कराने के लिए निकला था। इसी दौरान गोर्हर पुल के पास सड़क में बने गड्ढे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक संभल पाती, इससे पहले पीछे से आ रहे कंटेनर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उमेश कुमार और गीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल बरकट्ठा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गीता देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।