जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए MGM अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।


जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक यात्रियों को साकची से बारीडीह की ओर लेकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि एग्रिको सिग्नल पार करने के बाद ऑटो की रफ्तार अचानक बढ़ गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो पहले डिवाइडर से टकराया, जिसके बाद सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ऑटो के सड़क पर पलटने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस की मौजूदगी में दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई। हादसे के कारणों और वाहन की गति को लेकर पुलिस आवश्यक जानकारी जुटा रही है।

