गिरिडीह: झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद सोमवार को उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का सिलसिला जारी रहा। इसी क्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी उनके आवास पहुंचे। उन्होंने सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।


बाबूलाल मरांडी ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि दोनों अलग-अलग राजनीतिक दलों और विचारधाराओं से जुड़े होने के बावजूद उनके बीच लगातार संवाद होता था। विधानसभा में भी कई मौकों पर दोनों के बीच सवाल-जवाब और राजनीतिक बहस होती रही।
उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू विधानसभा में सरकार का पक्ष मजबूती से रखते थे और विपक्ष के सवालों का स्पष्ट तरीके से जवाब देते थे। उनका बेबाक और स्पष्ट बोलने का अंदाज उनकी राजनीतिक पहचान का हिस्सा था।
बाबूलाल मरांडी ने शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य रखने की बात कही और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उनके निधन पर गिरिडीह समेत पूरे झारखंड में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग लगातार शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

