सरायकेला: पांड्रा गांव में बारिश के दौरान गिरी बिजली, दो महिलाओं की मौके पर मौत

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला जिले के कुकड़ू प्रखंड के पांड्रा गांव में सोमवार दोपहर बारिश के दौरान हुए वज्रपात से दो महिलाओं की मौत हो गई। घटना करीब दोपहर 2 बजे की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान 46 वर्षीय सोना मणि महतो और 27 वर्षीय मुक्ता महतो के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर इलाके में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान दोनों महिलाएं घर और खेत के आसपास थीं। अचानक तेज आवाज के साथ बिजली गिरने से दोनों इसकी चपेट में आ गईं। वज्रपात के कारण दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पांड्रा गांव में मातम का माहौल है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम गांव पहुंची और मौके का जायजा लिया। अधिकारियों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों महिलाओं के शवों को सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

घटना पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नियमानुसार पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की। बारिश और गरज-चमक के समय खुले खेतों में जाने से बचने तथा पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।