गिरिडीह के तीसरे थाना क्षेत्र के खटपोंक स्थित बाघमारी मोड़ से HNC Construction कंपनी के क्लर्क मनीष कुमार के अपहरण और हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर बिहार के जमुई जिले के चिहारा थाना क्षेत्र स्थित पिपराटांड़ जंगल से मनीष कुमार का शव बरामद किया गया।


पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को मनीष कुमार के अपहरण की सूचना मिली थी। उनके भाई गौतम कुमार की लिखित शिकायत पर 7 सितंबर को तीसरे थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(1)/61 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी के निर्देश पर खोरीमहुआ SDPO अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में SIT गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस के अनुसार, कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौधरी और मनीष कुमार के बीच काम में हस्तक्षेप तथा डीजल व अन्य खर्चों को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के बाद मनीष को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
मामले में इम्तियाज अंसारी (39), शिव कुमार, पिंटू कुमार यादव और राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक, खून लगा पत्थर, लाठी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अन्य लोगों की भूमिका और घटना के दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।

