आदित्यपुर के RIT थाना क्षेत्र में अमित सरदार हत्याकांड के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद पहचान और साक्ष्य छिपाने के प्रयास में शव को रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया था। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मृतक के परिजन बेहुला देवी की लिखित शिकायत पर 25 जुलाई 2026 को RIT थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस संख्या 35/26 दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डीकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू (26), सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा (38), स्वरूप सोरेन उर्फ कटुरू (27) और मिलन सिंह (18) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो लोहे के हथौड़े, चार स्मार्टफोन और एक बाइक बरामद की है। मृतक की शर्ट में लिपटा एक पत्थर भी मिला है। पुलिस इन सामानों को मामले से जोड़कर जांच कर रही है। हत्या के कारण और आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ जारी है।

