चतरा: 24 आपराधिक और पशु तस्करी मामलों में वांछित आरोपी अनवर उर्फ नेपाली कुरैशी गिरफ्तार

Spread the love

चतरा पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों और पशु तस्करी से जुड़े मामलों में लंबे समय से वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विंड मोहल्ला, शहीद चौक निवासी मोहम्मद अनवर उर्फ नेपाली कुरैशी के रूप में हुई है। इसकी जानकारी सदर SDPO सनी वर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

पुलिस के अनुसार, अनवर के खिलाफ सदर थाना में अलग-अलग धाराओं के तहत कुल 24 मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, दुष्कर्म, पशु क्रूरता, गोवंश हत्या और तस्करी समेत अन्य गंभीर आरोपों से जुड़े मामले शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, एसपी अनीमेष नैथानी को आरोपी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सदर SDPO सनी वर्धन के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में सब-इंस्पेक्टर मनीष कुमार, राहुल कुमार और सदर थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2013 से 2026 के बीच सदर थाना में अलग-अलग मामले दर्ज हुए हैं। इनमें पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, झारखंड गोवंशीय पशु वध निषेध अधिनियम समेत अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को आगे की न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।