कोडरमा के सतगावां थाना क्षेत्र के इटाय टांड़ गांव में बुधवार देर शाम खेत से एक वृद्ध महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान इटाय गांव निवासी स्वर्गीय हृदय नारायण सिंह की पत्नी उर्मिला देवी (65) के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार, उर्मिला देवी बुधवार सुबह करीब 9 बजे खेत में सब्जी तोड़ने के लिए घर से निकली थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिवार और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
बुधवार देर शाम एक ग्रामीण खेत की ओर से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर खेत में अचेत अवस्था में पड़ी एक महिला पर पड़ी। उसने तुरंत इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने महिला की पहचान उर्मिला देवी के रूप में की। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने शव को खेत से उठाकर घर पहुंचाया।
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और परिजनों ने आशंका जताई है कि खेत में सब्जी तोड़ने के दौरान किसी जहरीले जीव के काटने से महिला की मौत हुई होगी। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है और जहरीले जीव के काटने की आशंका की पुष्टि नहीं हुई है।

