दिवाली पर घर लौटना होगा महंगा: रांची आने वाली उड़ानों का किराया तीन गुना तक बढ़ा

Spread the love

रांची: दिवाली पर घर लौटने की योजना बना रहे यात्रियों को इस बार हवाई सफर के लिए अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है। एयरलाइंस कंपनियों ने देश के विभिन्न शहरों से रांची आने वाली उड़ानों के किराये में भारी बढ़ोतरी की है। सामान्य दिनों की तुलना में कई रूटों पर टिकट के दाम दो से तीन गुना तक पहुंच गए हैं। इस वर्ष दिवाली 8 नवंबर को है, जबकि 6 और 7 नवंबर को रांची आने वाली उड़ानों के किराये में खासा उछाल दर्ज किया गया है।

भुवनेश्वर से रांची का सामान्य किराया 4,533 रुपये है, लेकिन 6 नवंबर को यह बढ़कर 25,665 रुपये पहुंच गया। 7 नवंबर को इसी रूट का किराया 15,296 रुपये है। दिल्ली से रांची का सामान्य किराया 7,314 रुपये है, जो 6 और 7 नवंबर को क्रमशः 15,349 रुपये और 16,219 रुपये हो गया है। मुंबई से रांची का किराया भी सामान्य 8,484 रुपये के मुकाबले बढ़कर 22,730 रुपये और 19,597 रुपये तक पहुंच गया है।

बेंगलुरु से रांची का सामान्य किराया 8,689 रुपये है। 6 नवंबर को टिकट 16,895 रुपये और 7 नवंबर को 17,947 रुपये में उपलब्ध हैं। चेन्नई से किराया 8,648 रुपये के मुकाबले बढ़कर 18,061 रुपये और 15,263 रुपये हो गया है। कोलकाता से रांची का सामान्य किराया 4,320 रुपये है, जबकि 6 और 7 नवंबर को यह क्रमशः 6,105 रुपये और 9,150 रुपये दर्ज किया गया है।

हैदराबाद से रांची का किराया सामान्य 6,619 रुपये से बढ़कर 6 नवंबर को 18,052 रुपये और 7 नवंबर को 19,342 रुपये हो गया है। अहमदाबाद से किराया सामान्य 7,822 रुपये के मुकाबले दोनों तारीखों पर 21,734 रुपये बताया गया है। वहीं, पटना से रांची का किराया 3,897 रुपये से बढ़कर 6 नवंबर को 6,207 रुपये और 7 नवंबर को 5,367 रुपये हो गया है।

विमानन क्षेत्र के जानकारों के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्रियों की मांग बढ़ने और सीटों की उपलब्धता कम होने से एयरलाइंस डायनेमिक प्राइसिंग के तहत किराये में बढ़ोतरी करती हैं। रांची के लिए सीमित सीधी उड़ानें भी इसकी एक वजह मानी जा रही हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जाती है कि टिकट बुक करने से पहले अलग-अलग तारीखों और एयरलाइंस के किराये की तुलना कर लें।