जमशेदपुर: मानगो से जुड़े गांजा तस्करी के एक कथित अंतरराज्यीय नेटवर्क का सिमडेगा पुलिस ने खुलासा किया है। कोलेबिरा पुलिस ने गश्ती के दौरान ओडिशा नंबर की एक क्रेन से 1 किलो 709 ग्राम गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित डिमना रोड के राजीव पथ निवासी देवेंद्र यादव और बिहार के सिवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भटवलिया काली मंदिर निवासी अमित कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक स्मार्टफोन और 3,350 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की शाम कोलेबिरा थाना प्रभारी देवदास मुर्मू पुलिस बल के साथ संध्या गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान ओडिशा नंबर की क्रेन (OD 14-AM 2694) तेज रफ्तार से जाती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने गति बढ़ाकर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा करते हुए कोलेबिरा ब्लॉक गेट के सामने घेराबंदी कर क्रेन को रोक लिया।
वाहन की तलाशी के दौरान केबिन में छिपाकर रखे गए काले प्लास्टिक बैग से 1 किलो 709 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा चालक की जेब में रखे प्लास्टिक पाउच से 3.33 ग्राम गांजा मिलने की भी जानकारी दी गई है।
देवेंद्र यादव के जमशेदपुर निवासी होने के कारण पुलिस को आशंका है कि गांजे की खेप ओडिशा से क्रेन के जरिए जमशेदपुर या आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में पहुंचाई जानी थी। हालांकि, गांजे की अंतिम मंजिल और संभावित खरीदारों को लेकर अभी जांच जारी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की आपूर्ति मानगो में किसे की जानी थी और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

