जामताड़ा: तालाब में तैरता मिला 50 वर्षीय मछुआरे का शव, दो दिनों में दूसरी लाश मिलने से चर्चा

Spread the love

जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरिडीह वन पंचायत स्थित मोहदार तालाब में शुक्रवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तालाब के पानी में शव को तैरते देखा, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय जहरुद्दीन अंसारी उर्फ दुलिया के रूप में हुई है। वह मछली पकड़ने का काम करता था।

जानकारी के अनुसार, जहरुद्दीन गुरुवार रात करीब 9 बजे मछली पकड़ने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने मोहदार तालाब में उसका शव देखा। सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकालकर थाना ले गई।

स्थानीय निवासी शमसुल अंसारी ने बताया कि तालाब में शव मिलने की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को नारायणपुर थाना परिसर में रखा है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस के अनुसार, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच भी जारी है।

इस घटना के एक दिन पहले गुरुवार देर शाम भैयाडीह के एक तालाब से तीन दिनों से लापता निकराज कुमार दास का शव बरामद हुआ था। वह बुधुडीह गांव का रहने वाला था। दो दिनों में तालाब से दो शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, दोनों मामलों में मौत का कारण पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।