पलामू में बालू की कमी से जूझ रहे लोगों और निर्माण कारोबारियों के लिए राहत की खबर है। जिला खनन विभाग ने 18 कैटेगरी-2 बालू घाटों की नीलामी की तैयारी पूरी कर ली है। इन घाटों की नीलामी को लेकर विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी है। प्रस्तावित घाट अमानत, सोन और उत्तर कोयल नदियों से जुड़े हैं।


नीलामी में जिले के 11 क्षेत्रों के 18 मौजे शामिल हैं। इनमें दर्सी, पांकी, हाइदरनगर, मोहम्मदगंज, पाटन, विश्रामपुर, लेस्लीगंज, हुसैनाबाद, मेदिनीनगर, पांडु और चैनपुर क्षेत्र शामिल हैं। विभाग ने जिला सर्वे रिपोर्ट और बालू के पुनर्भरण से जुड़ी रिपोर्ट के आधार पर इन घाटों का चयन किया है।
इच्छुक कारोबारी टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं। अग्रधन और जरूरी दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया 11 सितंबर से शुरू होगी और 25 सितंबर दोपहर 2 बजे तक चलेगी। तकनीकी और वित्तीय बिड 26 सितंबर दोपहर 2 बजे खोली जाएगी। 28 सितंबर को जिला स्तरीय समिति दस्तावेजों और बिड का मूल्यांकन करेगी। इसके बाद 30 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ई-ऑक्शन होगा।
पलामू में कैटेगरी-2 के कुल 19 बालू घाट चिन्हित किए गए हैं। इनमें पाटन प्रखंड का करीब 4.08 हेक्टेयर में फैला कांके कला घाट भी शामिल है, जिसकी नीलामी पहले ही हो चुकी है और पर्यावरणीय स्वीकृति मिल चुकी है। हालांकि, संचालन के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की NOC और अनुमति का इंतजार है।
विभाग के अनुसार, 18 घाटों की नीलामी पूरी होने के बाद भी तत्काल बालू उठाव शुरू नहीं होगा। पर्यावरणीय और प्रशासनिक मंजूरियों की जरूरत होगी। शेष घाटों को चालू होने में कई महीने लग सकते हैं। वहीं कांके कला घाट से अगले महीने बालू उठाव शुरू होने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय स्तर पर संकट कुछ कम हो सकता है।

