गुमला: 2018 से लापता छह वर्षीय बच्ची की बरामदगी मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई, 28 सितंबर को अगली तारीख

Spread the love

गुमला से वर्ष 2018 में लापता हुई छह वर्षीय बच्ची की बरामदगी को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि मामले के मुख्य आरोपी हंगली लकड़ा का मनोवैज्ञानिक परीक्षण रिनपास, कांके में कराया गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इसकी रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत नहीं की गई है।

सरकार ने हाईकोर्ट से मनोवैज्ञानिक परीक्षण की रिपोर्ट दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। इसके अलावा मामले के तत्कालीन जांचकर्ता और उस समय पदस्थापित एसपी के खिलाफ कार्रवाई से संबंधित एक सदस्यीय समिति की जांच रिपोर्ट दाखिल करने के लिए भी समय की मांग की गई। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 28 सितंबर की तारीख तय की है। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता शशांक शेखर ने पक्ष रखा।

इससे पहले सरकार ने अदालत को बताया था कि स्वास्थ्य संबंधी कारणों से हंगली लकड़ा का गांधीनगर, गुजरात में नार्को टेस्ट नहीं हो सका। इसके बाद वहां संदिग्ध पहचान परीक्षण समेत दो अन्य जांच कराई गई थीं, जिनकी रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है।

लापता बच्ची की मां चंद्रमुनी उरांव ने बेटी की बरामदगी की मांग को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में हेबियस कॉर्पस याचिका दायर की है। सुनवाई के दौरान बच्ची की तलाश और आरोपी से जुड़े जांच व परीक्षण की स्थिति की जानकारी अदालत को दी जा रही है।