चतरा के मयूरहंड थाना क्षेत्र के मंझगांवा गांव में गुरुवार देर रात चोरी की नीयत से घर में घुसे एक संदिग्ध को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घटना रविंदर सिंह के घर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कुछ लोग देर रात घर में चोरी करने के इरादे से घुसे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। लोगों ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।


ग्रामीणों के अनुसार, पकड़े गए व्यक्ति से इलाके में पहले हुई चोरी की घटनाओं को लेकर भी पूछताछ की गई। ग्रामीणों का दावा है कि उसने कुछ अन्य लोगों के नाम बताए हैं। रविंदर सिंह के घर में पूर्व में भी दो बार चोरी हो चुकी है। इसके अलावा पिछले कुछ वर्षों में गांव के अन्य घरों में भी चोरी की घटनाएं सामने आने की बात ग्रामीणों ने कही।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए संदिग्ध को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीणों ने उसे पुलिस को सौंपने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि चोरी में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाए।
इसके बाद ग्रामीणों ने अपनी मांग को लेकर मंझगांवा चौक के पास इटखोरी-हजारीबाग मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीणों ने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई और पकड़े गए संदिग्ध से मिली जानकारी की जांच की जा रही है।

