जमशेदपुर: SIR-2026 के तहत दावा-आपत्ति की सुनवाई और मतदाता सत्यापन का DC ने लिया जायजा

Spread the love

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर SIR-2026 के तहत जमशेदपुर जिले में मतदाता सूची को लेकर दावा-आपत्ति प्राप्त करने और उनके निष्पादन की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जमशेदपुर सदर प्रखंड में चल रही दावा-आपत्ति की सुनवाई और कार्य प्रगति का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान ERO सह धालभूम SDM अरनव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, संबंधित AERO और अन्य कर्मी मौजूद रहे। उपायुक्त ने अधिकारियों से दावा-आपत्ति के तहत प्राप्त आवेदनों, उनके निष्पादन और मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

गोलमुरी में घर-घर मतदाता सत्यापन का जायजा

क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने गोलमुरी इलाके में Home to Roll Verification प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं से बातचीत कर जानकारी ली कि BLO द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं और उनके परिवार के सदस्यों के विवरण का सत्यापन किया जा रहा है।

इस अभियान का उद्देश्य एक ही परिवार और घर में रहने वाले मतदाताओं के नाम को यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में शामिल करना है। साथ ही किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना है।

उपायुक्त ने BLO और संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सही और निष्पक्ष सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मतदाताओं से अपने और परिवार के सदस्यों के नाम तथा अन्य विवरणों की जांच करने की अपील की। किसी तरह की त्रुटि या आपत्ति होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुनवाई स्थल पर दावा-आपत्ति आवेदन जमा किया जा सकता है।