हजारीबाग: छुट्टी पर घर आए सेना के जवान धनंजय कुमार देव की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

Spread the love

हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में शुक्रवार सुबह सेना के जवान धनंजय कुमार देव की मौत से परिवार और गांव में मातम पसर गया। धनंजय की पोस्टिंग कोलकाता में थी और वह छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। शुक्रवार को उन्हें वापस ड्यूटी पर लौटना था। परिवार ने उनकी वापसी की तैयारी भी कर ली थी और ट्रेन का टिकट भी कन्फर्म था। इसी बीच उनकी मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। स्थानीय स्तर पर धनंजय की मौत को गांव की एक युवती से कथित प्रेम संबंध से जोड़कर चर्चा की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी तरह की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पेलावल थाना प्रभारी बिट्टू रजक ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।