चक्रधरपुर: डायन-बिसाही के आरोप में 65 वर्षीय महिला से मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

चक्रधरपुर के डलकी-02 गांव में 65 वर्षीय महिला से कथित डायन-बिसाही के आरोप में मारपीट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान पर 9 सितंबर 2026 को चक्रधरपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। मामले में BNS की विभिन्न धाराओं के साथ डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि सीमा मुंडारी की तबीयत खराब थी और इसी को लेकर उस पर डायन-बिसाही का आरोप लगाकर गुस्से में उसके साथ मारपीट की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में तथा SDPO सह सहायक पुलिस अधीक्षक डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के निर्देशन में टीम डलकी-02 गांव पहुंची। पुलिस ने नामजद आरोपियों के घरों पर छापेमारी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीमा मुंडारी उर्फ छी मुंडारी, नंदलाल मुंडारी उर्फ नीलू मुंडारी, बाया मुंडारी उर्फ लुडू मुंडारी और राजू मुंडारी उर्फ मोटू मुंडारी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों का पहले से कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। छापेमारी टीम में डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, थाना प्रभारी अवधेश कुमार, पुनी प्रियालक्ष्मी टुडू, सानी बिरबल चौबे और सानी दिलीप कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।