जमशेदपुर: बढ़ते सड़क हादसों पर दिनेश कुमार ने जताई चिंता, बोले- सिर्फ हेलमेट चेकिंग और चालान नहीं, ठोस ट्रैफिक व्यवस्था जरूरी

Spread the love

जमशेदपुर। शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी एवं पूर्व भाजपा जमशेदपुर महानगर जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने चिंता जताई है। उन्होंने जिला प्रशासन, टाटा स्टील और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। एग्रीको में हालिया सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत पर उन्होंने दुख जताते हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

दिनेश कुमार ने कहा कि शहर में सड़क हादसे अब गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं। दुर्घटनाओं के बाद केवल संवेदना व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि हादसों की रोकथाम के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने कहा कि हेलमेट जांच और चालान आवश्यक हैं, लेकिन सड़क सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी केवल वाहन चालकों पर नहीं डाली जा सकती।

उन्होंने प्रमुख चौक-चौराहों, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट का संयुक्त सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की। साथ ही जरूरत के अनुसार ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, रोड साइन, स्पीड नियंत्रण, जेब्रा क्रॉसिंग और ट्रैफिक सिग्नल जैसे उपाय लागू करने की अपील की।

उन्होंने तकनीक आधारित निगरानी और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन पर भी जोर दिया। दिनेश कुमार ने कहा कि जमशेदपुर को ऐसी ट्रैफिक व्यवस्था चाहिए जो सिर्फ चालान काटने तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों की जान बचाने पर केंद्रित हो। उन्होंने कहा, “जमशेदपुर को सुरक्षित सड़कें चाहिए, सिर्फ चालान नहीं।