आदित्यपुर। गणेश उत्सव को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में रायडीह बस्ती के रोड नंबर 32 में सार्वजनिक गणेश पूजा कमेटी की ओर से तैयार किए गए भव्य पूजा पंडाल का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि कांग्रेस प्रदेश महासचिव अजय सिंह और विशिष्ट अतिथि आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर पंडाल का उद्घाटन किया।


उद्घाटन के बाद अजय सिंह ने धार्मिक आयोजनों की शुचिता और सात्विकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पूजा-अर्चना सात्विक जीवन का प्रतीक है। धार्मिक आयोजन में नशा, शराब या गलत आचरण को बढ़ावा देना भक्ति नहीं, बल्कि दिखावा है। उन्होंने महिलाओं के सम्मान को धार्मिक आयोजनों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए श्रद्धालुओं से सामाजिक मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा और हुनर की कमी नहीं है। उन्होंने युवाओं से ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को रचनात्मक और सामाजिक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।
मौके पर कमेटी अध्यक्ष दीपक महतो, रामचंद्र चाकी, सनी महतो, देवराज महतो, रोशन गुप्ता, अभिषेक चौरसिया, रितिक साहू, कुंदन राय, अशोक शाह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय युवा और श्रद्धालु मौजूद रहे।

