जमशेदपुर: नशे के कारोबार के खिलाफ महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, युवाओं का भविष्य बचाने की मांग

Spread the love

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस के नेतृत्व में नशे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और युवाओं का भविष्य बचाने की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जमशेदपुर में नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में शहर के कई ऐसे इलाकों का भी उल्लेख किया, जहां कथित रूप से नशीले पदार्थों का कारोबार चलने की बात कही गई है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से इन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की।

प्रदर्शन में पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पीसीसी को-ऑर्डिनेटर पंडित विजय खां, कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नशे के बढ़ते कारोबार का असर युवाओं और परिवारों पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि नशे की समस्या से बच्चों और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य प्रभावित होने की आशंका है। नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने और नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग की।