रांची: झारखंड में बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग लाभुकों को कई महीनों से पेंशन नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कई जरूरतमंद लाभुकों को पिछले 5-6 महीनों से पेंशन की राशि नहीं मिली है।


बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पेंशन की राशि लाभुकों के लिए केवल सरकारी सहायता नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जरूरतों का बड़ा सहारा है। कई बुजुर्ग इसी राशि से दवाइयां खरीदते हैं, जबकि विधवा और दिव्यांग लाभुकों के परिवार भी जरूरी खर्चों के लिए इस राशि पर निर्भर रहते हैं। महीनों तक पेंशन नहीं मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की परेशानियां बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि समय पर मिलने वाली पेंशन ऐसे जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार, किसी के लिए एक हजार रुपये छोटी राशि हो सकती है, लेकिन बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग लाभुकों के लिए यही राशि बड़ी मदद साबित होती है।
मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार से पेंशन भुगतान में हो रही देरी पर तत्काल ध्यान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि लाभुकों की लंबित पेंशन राशि जल्द से जल्द उनके बैंक खातों में भेजी जानी चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी से राहत मिल सके।

