झारखंड पुलिस: 25 इंस्पेक्टरों के DSP प्रमोशन की प्रक्रिया अटकी, पुलिस मुख्यालय ने अब तक नहीं भेजी जरूरी जानकारी

Spread the love

रांची: झारखंड पुलिस में इंस्पेक्टर से DSP पद पर प्रमोशन का इंतजार कर रहे 25 अधिकारियों की प्रक्रिया अब तक आगे नहीं बढ़ सकी है। गृह विभाग के पत्र भेजे जाने के करीब दो महीने बाद भी पुलिस मुख्यालय की ओर से जरूरी जानकारी और अधिकारियों का नामांकन सरकार को नहीं भेजा गया है। जानकारी नहीं मिलने के कारण प्रमोशन कमेटी की बैठक की तारीख भी तय नहीं हो पा रही है।

21 जुलाई को भेजा गया था पत्र
गृह विभाग ने 21 जुलाई को पुलिस मुख्यालय को पत्र भेजकर प्रमोशन प्रक्रिया के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा था। इसमें संबंधित अधिकारियों का नामांकन भी शामिल था। पुलिस मुख्यालय से जानकारी नहीं मिलने के कारण प्रक्रिया आगे बढ़ने में देरी हो रही है।

19 से बढ़कर 25 हुई रिक्तियां
गृह विभाग के अनुसार, इंस्पेक्टर से DSP प्रमोशन के लिए पहले 19 पद रिक्त थे। अब रिक्त पदों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। इनमें सामान्य वर्ग के 14, अनुसूचित जनजाति के 8 और अनुसूचित जाति के 3 पद शामिल हैं।

ACR और अन्य दस्तावेज भी जरूरी
पुलिस मुख्यालय को इंस्पेक्टर और सार्जेंट मेजर स्तर के अधिकारियों का नामांकन भेजना है। इसके साथ अधिकारियों की वरीयता सूची और पिछले पांच वर्षों की ACR भी उपलब्ध करानी है। आरोप, विभागीय कार्रवाई, दोषसिद्धि, आपराधिक मामलों और निगरानी से संबंधित प्रमाण-पत्र भी भेजे जाने हैं।

रिटायरमेंट को लेकर बढ़ी चिंता
प्रमोशन में देरी से संबंधित इंस्पेक्टरों की चिंता बढ़ रही है। अधिकारियों को आशंका है कि प्रक्रिया में ज्यादा समय लगने पर कुछ पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें DSP पद पर प्रमोशन का अवसर नहीं मिल पाएगा और वे इंस्पेक्टर पद से ही रिटायर हो सकते हैं।