रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग की नई संभावनाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने रांची में कोलकाता स्थित ऑस्ट्रेलिया के कॉन्सुल जनरल बर्नार्ड लिंच से मुलाकात की। बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।


बैठक में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विशेष चर्चा हुई। इसके अलावा खनिज, खेल और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में भी साझेदारी बढ़ाने को लेकर विचार साझा किए गए। झारखंड और ऑस्ट्रेलिया की जनजातीय संस्कृति तथा पारंपरिक ज्ञान से जुड़े पहलुओं पर भी दोनों पक्षों ने अपने विचार रखे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के प्राकृतिक संसाधन, मानव संसाधन और समृद्ध जनजातीय विरासत राज्य और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग के कई अवसर उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के विशेषज्ञों, संस्थानों और उद्योगों के साथ मिलकर इन क्षेत्रों में आगे काम किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच संवाद आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत और दीर्घकालिक साझेदारी की दिशा में आगे बढ़ना है।

