जमशेदपुर: बागबेड़ा में रिटायर्ड सेना जवान के बंद घर में चोरी, ₹30 लाख के सामान ले गए चोर

Spread the love

जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक रिटायर्ड सेना जवान के लंबे समय से बंद घर को निशाना बनाया। रोड नंबर-1, ब्लॉक नंबर 14/2/2/2 स्थित मकान से करीब ₹30 लाख के सामान चोरी होने की बात सामने आई है। मकान मालिक रिटायर्ड जवान श्रवण कुमार पिछले कई महीनों से अस्पताल में इलाजरत हैं, जिसके कारण घर लंबे समय से बंद था।

मंगलवार को श्रवण कुमार अपने बेटे सत्यम के साथ अस्पताल से घर पहुंचे। घर की जांच करने पर दूसरी मंजिल की छत के पीछे लगी ग्रिल की कुंडी टूटी मिली। अंदर जाने पर अलमारी भी टूटी हुई थी और घर से आभूषण समेत कई सामान गायब मिले।

परिजनों के अनुसार, चोर घर से इनवर्टर, महंगे कपड़े, बिजली के उपकरण, सीलिंग फैन और पंप मोटर समेत कई सामान ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब ₹30 लाख बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वाटरफॉल मिश्रा, प्रतिनिधि श्रवण मिश्रा और वार्ड सदस्य उमेश पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने बागबेड़ा थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।