जमशेदपुर: मानगो के उलीडीह ओपी क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई डेड ग्राउंड इलाके में छापेमारी के दौरान की गई। तलाशी के दौरान युवक के पास से ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसका कुल वजन 5.80 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया है।


पुलिस के मुताबिक छापेमारी के दौरान एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में नजर आया। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसके बाद उसके पास से ब्राउन शुगर की पुड़िया बरामद होने की बात कही गई। गिरफ्तार युवक की पहचान न्यू पुरुलिया रोड नंबर-2 निवासी अजर महमूद, पिता स्व. महमूद कुरैशी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को उलीडीह ओपी लाकर NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अब बरामद ब्राउन शुगर के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई पटमदा DSP दयानंद कुमार के नेतृत्व में की गई। अभियान में उलीडीह ओपी प्रभारी मोहम्मद शारिक अली समेत पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

