जमशेदपुर: सड़क हादसों पर विधायक पूर्णिमा साहू ने जताई चिंता, DC को पत्र लिखकर दिए ट्रैफिक सुधार के सुझाव

Spread the love

जमशेदपुर: शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और भारी वाहनों की चपेट में आने से हो रही जानमाल की क्षति पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने चिंता जताई है। आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने बुधवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखकर यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए कई सुझाव दिए।

विधायक ने अपने पत्र में कहा कि जमशेदपुर औद्योगिक शहर है और आर्थिक गतिविधियों के लिए मालवाहक व भारी वाहनों का परिचालन जरूरी है। हालांकि, इसके साथ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मई 2026 में हुई जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में दिए गए अपने सुझावों का भी उल्लेख किया।

पत्र में सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू करने और इसका सख्ती से पालन कराने की मांग की गई है। प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती तथा नो-एंट्री और यातायात नियमों की जानकारी देने वाले स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने का सुझाव भी दिया गया है।

पूर्णिमा साहू ने व्यस्त एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में CCTV कैमरे बढ़ाने, सुरक्षा ऑडिट कराने, जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर, सड़क संकेतक और प्रकाश व्यवस्था सुधारने तथा घनी आबादी वाले क्षेत्रों में स्पीड लिमिट बोर्ड लगाने की मांग की। उन्होंने भारी वाहन चालकों की ड्रंकन ड्राइविंग रोकने के लिए समय-समय पर ब्रेथ एनालाइजर जांच कराने पर भी जोर दिया।

विधायक ने प्रशासन से इन सुझावों पर समयबद्ध कार्रवाई का आग्रह किया और कहा कि औद्योगिक गतिविधियों के साथ नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही का संतुलन बनाए रखना जरूरी है।