जमशेदपुर: जिले के स्कूलों में स्वच्छता, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संभालने वाले जमशेदपुर जिला शिक्षा कार्यालय की सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कार्यालय परिसर में एक बिल्ली के रहने और वहीं बच्चे देने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि बिल्ली चूहे पकड़कर कार्यालय के अंदर ला रही है।


स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, चूहों के अवशेष और उससे उठने वाली दुर्गंध के कारण कार्यालय के आसपास का वातावरण परेशान करने वाला बना हुआ है। इससे कार्यालय के कर्मचारियों के अलावा अपने काम से पहुंचने वाले शिक्षक, अभिभावक और अन्य लोगों को भी परेशानी होने की बात कही जा रही है।
मामले को लेकर विभाग की कार्यप्रणाली पर व्यंग्य भी किया जा रहा है कि स्कूलों में बच्चों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाने वाले शिक्षा विभाग के अपने कार्यालय में ही सफाई व्यवस्था सवालों के घेरे में है।
हालांकि, बिल्ली और उसके बच्चों को सुरक्षित तरीके से हटाने के साथ कार्यालय की तत्काल सफाई, सैनिटाइजेशन और कीट नियंत्रण की व्यवस्था करना जरूरी बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जिला शिक्षा कार्यालय की नियमित स्वच्छता और कीट नियंत्रण व्यवस्था की निगरानी कौन करता है।
फिलहाल, कार्यालय की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

