पटना: बिहार में शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया को लेकर शिक्षा विभाग ने संशोधित समय-सारणी जारी कर दी है। अब शिक्षक सामान्य ट्रांसफर के लिए 4 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया 4 से 10 अक्टूबर तक चलेगी। इससे पहले सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू होनी थी।


विभाग के अनुसार, बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के कारण स्थानांतरण प्रक्रिया के पहले और दूसरे चरण की गतिविधियों में देरी हुई। इसी को देखते हुए सामान्य स्थानांतरण की समय-सारणी में बदलाव किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, समायोजन और पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 अक्टूबर को स्कूलवार संशोधित रिक्तियों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद शिक्षक अपनी वरीयता के आधार पर विद्यालयों का विकल्प चुनकर 4 से 10 अक्टूबर तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामान्य स्थानांतरण की सूची तैयार की जाएगी। सूची जारी होने के साथ ही अपील की प्रक्रिया भी शुरू होगी। विभाग की संशोधित समय-सारणी के अनुसार सामान्य स्थानांतरण की सूची के प्रकाशन, अपील और अपीलों के निष्पादन की पूरी प्रक्रिया 12 अक्टूबर से शुरू होकर 18 नवंबर तक पूरी की जाएगी।
बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है।

