घाटशिला: पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तमलुक के पास जर्जर सड़क पर एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बाइक पर तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित MGM अस्पताल ले जाया गया।


अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज शुरू किया गया। देर रात करीब 2 बजे इलाज के दौरान एक और घायल की मौत हो गई। हादसे में मृत एक युवक की पहचान बसु बास्के के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
हादसे में घायल बाइक चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उसका MGM अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुई। बताया जा रहा है कि तमलुक के पास सड़क की खराब स्थिति के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दूसरे मृतक की पहचान करने के साथ हादसे के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटा रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर चिंता जताई है और बताया कि सड़क पर गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

