आदित्यपुर: बरगीडीह में जमीन विवाद गहराया, ग्रामीणों ने विवादित भूखंड की घेराबंदी तोड़ी; जियाडा ने शुरू की जांच

Spread the love

आदित्यपुर: औद्योगिक क्षेत्र फेज-3 स्थित बरगीडीह में जमीन के एक भूखंड पर कब्जे और दावेदारी को लेकर ग्रामीणों और विस्थापित पक्ष के बीच विवाद गहरा गया है। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और विवादित जमीन पर सीमेंट के पोल व कंटीले तार से की गई घेराबंदी को उखाड़कर हटा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जियाडा के क्षेत्रीय उपनिदेशक के निर्देश पर जांच अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू की।

ग्रामीणों की ओर से झायुमो के जिला उपाध्यक्ष सोमदेव प्रधान उर्फ विक्की प्रधान ने दावा किया कि यह बरगीडीह का पारंपरिक खेल मैदान है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन के छोटे-छोटे प्लॉट काटकर अवैध रूप से बिक्री की जा रही है। उन्होंने प्रशासन और मंत्री दीपक बिरुआ से हस्तक्षेप कर मैदान को ग्रामीणों के हवाले करने और स्टेडियम घोषित करने की मांग की। साथ ही समाधान नहीं होने पर जियाडा कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी।

वहीं, विस्थापित परिवार की ओर से उमा प्रसाद वर्मा ने ग्रामीणों के दावों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि उनका परिवार जियाडा का विस्थापित है और वर्ष 1990 में डिमार्केशन, नक्शा व परवाना के आधार पर आवास निर्माण के लिए जमीन आवंटित की गई थी। उनके अनुसार, बाउंड्री निर्माण के दौरान लोगों ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी तोड़ दी। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग करने की बात कही। मामले में जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।