झारखंड: मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का भूमि पूजन, निर्माण कार्य का हुआ औपचारिक शुभारंभ

Spread the love

झारखंड: राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के निर्माण की शुरुआत की गई। रांची-टाटा मार्ग पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन समारोह आयोजित हुआ, जिसके साथ परियोजना के प्रथम चरण का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय और झारखंड विधानसभा के सदस्य राजेश कच्छप उपस्थित रहे। इसके अलावा रांची के कई गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, चिकित्सक और शिक्षाविद भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों ने परियोजना की सराहना करते हुए प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं।

मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की स्थापना ‘सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति’ की प्रमुख इकाई के रूप में की जा रही है। प्रबंधन के अनुसार, परियोजना को आधुनिक चिकित्सा मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। समिति से जुड़े समूह द्वारा झारखंड और बिहार में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई संस्थान संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें जमशेदपुर का नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी और आदित्यपुर का मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शामिल हैं।

प्रबंधन ने बताया कि निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कर अगले वर्ष तक अस्पताल शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, मेडिकल कॉलेज में दाखिले संबंधित वैधानिक और नियामक संस्थाओं से आवश्यक अनुमति एवं निर्धारित मानकों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू किए जाएंगे। प्रबंधन का कहना है कि संस्थान का उद्देश्य आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ युवाओं को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है।