जमशेदपुर: यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक, जाम और ट्रैफिक उल्लंघनों पर सख्ती के निर्देश

Spread the love

जमशेदपुर: शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधिकारियों एवं यातायात पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की वर्तमान यातायात स्थिति, प्रमुख जाम वाले क्षेत्रों, दुर्घटना संभावित स्थलों और यातायात नियमों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में प्रमुख जाम वाले स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की प्रभावी तैनाती और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पीक आवर के दौरान यातायात को सुचारु रखने के लिए जरूरत के अनुसार डायवर्जन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा गया।

खतरनाक ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, मोडिफाइड साइलेंसर और अवैध डार्क फिल्म के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अनधिकृत पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात बाधित करने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा नो-एंट्री व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर आवश्यक साइनेज और लाइटिंग की व्यवस्था, CCTV व ट्रैफिक लाइट के जरिए निगरानी बढ़ाने तथा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित पदाधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर यातायात की स्थिति पर नजर रखने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।