जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में व्यापारियों को छोटे मूल्यवर्ग के सिक्के आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत गोलमुरी बाजार में ₹2.50 लाख मूल्य के सिक्कों का वितरण किया गया। यह वितरण बैंक ऑफ बड़ौदा, बिष्टुपुर के सहयोग से किया गया।


कार्यक्रम में सिंहभूम चैंबर के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी, सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भारत मकानी, बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारी नीरज प्रसाद और चैंबर कार्यसमिति सदस्य अमिश अग्रवाल मौजूद रहे।
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि बाजारों में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की उपलब्धता व्यापारियों और ग्राहकों दोनों के लिए जरूरी है। चैंबर इस समस्या के समाधान के लिए लगातार बैंकों के साथ समन्वय कर रहा है।
उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने बताया कि व्यापारियों को सिक्के प्राप्त करने में हो रही परेशानी को देखते हुए अभियान शुरू किया गया है। उनके अनुसार, अब तक ₹65 लाख मूल्य के सिक्कों का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग संस्थानों के सहयोग से आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
चैंबर सचिव भारत मकानी ने अभियान को व्यापारियों का सकारात्मक सहयोग मिलने पर आभार जताया। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य बैंकों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की, ताकि व्यापारियों को उनकी दैनिक कारोबारी जरूरत के अनुसार सिक्के उपलब्ध हो सकें।

