कोल्हान: कोल्हान क्षेत्र में बिजली की समस्याओं को लेकर दुखनी सोरेन ने JBVNL के महाप्रबंधक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण इलाकों से जुड़ी विभिन्न बिजली समस्याओं को जल्द दूर करने की मांग को लेकर लिखित पत्र भी सौंपा।


दुखनी सोरेन ने कहा कि कोल्हान के कई गांवों में अब तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंची है। ऐसे गांवों का जल्द सर्वे कराकर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की गई। पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर प्रखंड के अलावा डुमरिया, पोटका समेत सभी प्रखंडों में विशेष सर्वे कराने की मांग रखी गई, ताकि लंबित कार्यों को पूरा किया जा सके।
उन्होंने जर्जर बिजली पोल बदलने, खुले तारों की जगह सुरक्षित कवर वाले तार लगाने और नीचे लटक रहे हाईटेंशन तारों को सुरक्षित ऊंचाई तक ले जाने की मांग की। ग्रामीण क्षेत्रों में कम क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों को चिह्नित कर जरूरत के अनुसार उनकी क्षमता बढ़ाने की बात भी कही गई।
ग्रामीणों की अधिक बिजली बिल और मीटर रीडिंग से जुड़ी शिकायतों की जांच कर जल्द समाधान की मांग की गई। साथ ही बिजली विभाग के वेंडर और ठेकेदारी कार्यों में स्थानीय लोगों को अवसर देने की बात कही गई, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
दुखनी सोरेन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित बिजली व्यवस्था और स्थानीय रोजगार से जुड़े मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

