झारखंड: थैलेसीमिया और सिकल सेल मरीजों को निजी अस्पतालों में भी मुफ्त चढ़ेगा खून, पैकेज दरें तय

Spread the love

रांची: झारखंड सरकार ने थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया और गंभीर एनीमिया से पीड़ित मरीजों के लिए नई सुविधा शुरू की है। अब आयुष्मान भारत और अबुआ स्वास्थ्य कार्ड के लाभुकों को सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी निर्धारित पैकेज के तहत मुफ्त रक्त चढ़ाने की सुविधा मिलेगी।

स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों के लिए अलग-अलग पैकेज और उनकी दरें तय की हैं। सिकल सेल और गंभीर एनीमिया के मरीजों के लिए रूटीन वार्ड का पैकेज ₹2,100, HDU का ₹3,300, बिना वेंटिलेटर ICU का ₹8,500 और वेंटिलेटर वाले ICU का ₹9,000 निर्धारित किया गया है।

थैलेसीमिया मरीजों के डे-केयर या एक दिन तक के पैकेज में रक्त चढ़ाने के साथ CBC, LFT, KFT, यूरिन प्रोटीन और सीरम फेरिटिन जैसी आवश्यक जांचें भी शामिल होंगी। कुछ पैकेज में 15 दिनों की आयरन चिलेशन दवाओं का प्रावधान भी है। इन पैकेजों की दर ₹2,300 से ₹3,200 तक रखी गई है। बच्चों में गंभीर एनीमिया यानी थैलेसीमिया के लिए ₹2,300 से ₹3,000 तक के पैकेज तय किए गए हैं। एप्लास्टिक एनीमिया के इलाज के लिए ₹5 लाख तक का पैकेज निर्धारित किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि थैलेसीमिया और सिकल सेल मरीजों को लंबे समय तक नियमित उपचार और रक्त की आवश्यकता पड़ती है। सरकार का प्रयास है कि उन्हें अपने जिले और घर के आसपास ही जांच, रक्त और उपचार की सुविधा मिल सके।

अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के अनुसार, निर्धारित पैकेज के तहत निजी अस्पतालों को भुगतान किया जाएगा। इससे मरीजों को दूर स्थित बड़े अस्पतालों में जाने की जरूरत कम होगी और आने-जाने का खर्च भी बचेगा। झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक शशि प्रकाश सिंह ने भी इसे गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए राहत देने वाली व्यवस्था बताया।