रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को लोअर करमटोली, रोड नंबर-2 स्थित झारखंड की पूर्व मंत्री दिवंगत विमला प्रधान के आवास पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।


मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और परिजनों, समर्थकों व शुभचिंतकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
हेमंत सोरेन ने कहा कि पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उनके अनुसार, सार्वजनिक जीवन में विमला प्रधान का योगदान और जनता के प्रति उनका समर्पण हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने सिमडेगा सहित पूरे झारखंड के विकास में विमला प्रधान की सक्रिय भूमिका को याद किया। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया और कहा कि वह समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए सक्रिय रहने वाली सजग और कर्मठ राजनेता थीं।
विमला प्रधान पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और रांची के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। रिपोर्टों के अनुसार, वह सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रही थीं और झारखंड सरकार में मंत्री भी रह चुकी थीं।

